मिशन शक्ति: सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं पर फब्तियां कसने वाला गिरफ्तार

शक्तिनगर सोनभद्र । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति’ अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाली महिलाओं के प्रति अशोभनीय और अश्लील टिप्पणी कर रहा था।

सब्जी मंडी के पास कर रहा था अश्लील टिप्पणी

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 7 मई को बीना चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बीना सब्जी मंडी (ग्राम जमशिला) के पास एक व्यक्ति राह चलती महिलाओं पर भद्दी टिप्पणियां कर रहा है, जिससे वहां से गुजरने वाली महिलाओं में असुरक्षा का भाव था।

घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम रामाश्रय (47 वर्ष) पुत्र नागा साव, निवासी डाला बस्ती जमशिला बताया।
विधिक कार्यवाही और पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सतेन्द्र कुमार राय ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध थाना शक्तिनगर पर धारा 296 बीएनएस (BNS) के तहत मामला पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्राधिकारी पिपरी श्री हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में हुई इस कार्यवाही की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति के तहत इस तरह की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ताकि महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

ये भी पढ़िए