जिलाधिकारी ने की अपील: ‘हमारी जनगणना-हमारा विकास’ अभियान में सहभागी बनें नागरिक

स्व-गणना पोर्टल पर 21 मई तक दर्ज कराएं विवरण; 22 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण का कार्य

सोनभद्र : भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने जनपद के समस्त नागरिकों से ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “हमारी जनगणना-हमारा विकास” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण सुधारात्मक पहल है।

15 दिनों के लिए खुली है खिड़की

जिलाधिकारी ने बताया कि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का आधिकारिक कार्य उत्तर प्रदेश में 22 मई से 20 जून 2026 तक निर्धारित है। इससे पूर्व आमजन की सुविधा के लिए 15 दिनों की अवधि (07 मई से 21 मई) हेतु स्व-गणना का विकल्प दिया गया है। नागरिक जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं ही अपने परिवार की सूचनाएं दर्ज कर सकते हैं।

सत्यापन प्रक्रिया होगी सुलभ

प्रशासनिक अपील के अनुसार, यदि नागरिक पोर्टल पर विवरण पहले ही दर्ज कर देते हैं, तो भविष्य में जब जनगणना टीम भौतिक सत्यापन के लिए घर आएगी, तो कार्य में सुलभता और तेजी आएगी। इससे डेटा की सटीकता भी सुनिश्चित होगी, जो आगामी विकास योजनाओं के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी।

दिवस-वार बनाई गई रणनीति

जनपद के विभिन्न वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विषयगत रणनीति तैयार की है। इसके तहत अलग-अलग तिथियों पर निम्नलिखित दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। राजस्व एवं प्रशासन दिवस, स्थानीय निकाय एवं शिक्षा दिवस, युवा, खेल एवं मीडिया दिवस, स्वास्थ्य एवं महिला स्वयं सहायता समूह दिवस

डिजिटल सहायता, उद्योग एवं परिवहन दिवस

जिलाधिकारी ने युवाओं, प्रबुद्ध वर्ग और स्वयं सहायता समूहों से विशेष अपील की है कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिचितों को भी पोर्टल के उपयोग के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पुनीत कार्य में नागरिक प्रशासन का सहयोग कर जनपद और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करें।

ये भी पढ़िए