बहेरा में नाले पर अवैध कब्जे से किसानों की फसल बर्बाद, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश

करमा (सोनभद्र)। विकास खण्ड करमा के ग्राम पंचायत बहेरा में सिंचाई विभाग की जमीन और नाले पर दबंगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे के कारण किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। नाले का बहाव रुकने से सायफन के जरिए पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे लगभग 50 बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। जलजमाव की वजह से किसानों की मेहनत और फसल हर साल बर्बाद हो रही है।

वर्षों से लंबित थी समस्या

स्थानीय किसानों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नाले पर अवैध निर्माण और मिट्टी पाटकर रास्ता रोकने की वजह से पानी खेतों में ही जमा रहता है, जिससे बुवाई और कटाई दोनों प्रभावित होती है।

भाजपा नेता व प्रधान प्रतिनिधि ने की जिलाधिकारी से मुलाकात

किसानों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए सोमवार को भाजपा नेता विपिन तिवारी एवं प्रधान प्रतिनिधि धीरज कुमार सिंह ने जिलाधिकारी सोनभद्र से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि किस प्रकार कुछ व्यक्तियों के निजी स्वार्थ के कारण दर्जनों किसानों का भविष्य दांव पर लगा है।

त्वरित कार्रवाई का भरोसा

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल एक टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि: सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। नाले को तत्काल अवरोध मुक्त कराकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों की फसल बचाई जा सके। मौके पर मौजूद रहे इस दौरान सत्येंद्र कुमार, हरिश्चंद, विजय कुमार, बाबूलाल, संतोष विश्वकर्मा, राम नारायण, रविंद्र कुमार, मनोज, शशिकांत, जगदीश समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए