(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीजे वाहन खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में डीजे मालिक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार से जा रहा डीजे वाहन गुरमुरा के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में डीजे मालिक सहित दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल निजी साधनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

