सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनसीएल दुद्धीचुआ क्षेत्र से चोरी की गई केबल के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना शक्तिनगर पुलिस ने एनसीएल सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से वांछित अभियुक्तों की तलाश एवं सुरागरसी के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर एनसीएल दुद्धीचुआ के 14 नंबर शावेल क्षेत्र के पास छापेमारी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई दो टुकड़ा केबल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त एनसीएल क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल अगरिया, शिवराज, अरविन्द कुमार साकेत एवं सीताराम शामिल हैं। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध थाना शक्तिनगर में मुकदमा अपराध संख्या 123/2026 के तहत धारा 303(2), 329(3), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय, उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार भारती, कांस्टेबल अमृतलाल एवं कांस्टेबल पंकज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जनपद पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

