सनसनीखेज हादसा: फिल्मी अंदाज में कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती

सोनभद्र: रेणुकूट सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, CCTV वीडियो वायरल


रेणुकूट (ऋषभ सिंह)सोनभद्र । पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट नगर के मुख्य बाजार में हुए सड़क हादसे ने दर्दनाक मोड़ ले लिया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल संजय कुमार की वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल युवक का उपचार अभी भी अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक स्थानीय क्षेत्र के एक होटल में कार्यरत थे। घटना के समय वे बाइक से जा रहे थे, तभी एक चार पहिया वाहन की टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां संजय कुमार की हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इधर, सड़क हादसे का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह फुटेज एक कार में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़िए