“सोनभद्र: NH-39 किनारे अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर” सड़क व पटरियां कराई गईं अतिक्रमण मुक्त

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। उपजिलाधिकारी निखिल यादव के नेतृत्व में सोमवार को कस्बे में एनएच-39 के किनारे सार्वजनिक पटरियों, नालियों और सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। नगर पंचायत और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कचहरी रोड समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे रखे सामान, ठेले और अन्य अवैध कब्जों को हटवाया।
एसडीएम निखिल यादव ने बताया कि अभियान से पूर्व अतिक्रमणकारियों को सूचना देकर स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाने वालों के विरुद्ध नगर पंचायत की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान संबंधित लोगों से आवश्यक प्रपत्र भरवाए गए, चालान की कार्रवाई की गई तथा भविष्य में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में सार्वजनिक मार्गों, पटरियों और नालियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। लोगों से अपील की गई कि वे स्वेच्छा से सार्वजनिक स्थानों को खाली कर दें, जिससे यातायात सुचारु रहे और जाम व सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं में कमी आए।
अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस बल मौजूद रहा और पूरे समय शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए