बिना वैध दस्तावेज वाले अधिवक्ताओं पर बार एसोसिएशन सख्त, न्यायालय परिसर में चला विशेष जांच अभियान

दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र । बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को दुद्धी मुंसिफ न्यायालय परिसर में बिना वैध दस्तावेज एवं सीओपी (Certificate of Practice) के न्यायालय में अधिवक्ता की ड्रेस पहनकर अनधिकृत रूप से प्रैक्टिस करने वालों के खिलाफ विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।
यह अभियान दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे, एडवोकेट तथा सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलोचन तिवारी, एडवोकेट के नेतृत्व में संचालित किया गया। जांच के दौरान न्यायालय परिसर में अधिवक्ता की वेशभूषा में मौजूद लोगों से उनका बार काउंसिल पंजीकरण, सीओपी एवं अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया।
अभियान के दौरान जिन लोगों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले, उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अधिवक्ता की ड्रेस पहनकर न्यायालय अथवा न्यायिक डायस पर अनधिकृत रूप से उपस्थित न हों। बार पदाधिकारियों ने कहा कि न्यायालय की गरिमा बनाए रखने तथा अधिवक्ता पेशे की शुचिता कायम रखने के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी जारी रहेगी।
इस विशेष अभियान में वरिष्ठ अधिवक्ता नंदलाल अग्रहरि, प्रेमचंद यादव, जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, प्रभु सिंह कुशवाहा, कैलाश कुमार गुप्ता, राकेश कुमार श्रीवास्तव, अंजनी सिंह, आदर्श कुमार, आशीष गुप्ता, राकेश कुमार गुप्ता, अभिनव कुमार जायसवाल, राजीव रंजन सहित बार एसोसिएशन के दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए