दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र ।जिला अधिकारी के आदेशानुसार दुद्धी तहसील में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। दुद्धी के पूर्व एसडीएम रवि कुमार पासवान को ओबरा तैनात कर दिया गया है, जबकि (न्यायिक) उपजिलाधिकारी के रूप में अशोक कुमार को दुद्धी का नया एसडीएम नियुक्त कर चार्ज सौंपा गया है। साथ ही उपजिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर मोहम्मद जफर को नियुक्त किया गया है।
नए एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने पदभार संभालते ही तहसील परिसर, स्थानीय न्यायालय परिसर और व्यस्त कचहरी रोड का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ‑सफाई, कार्यालयों के रख‑रखाव और जनता के लिए सुविधाओं की बारीकी से जांच की तथा कचहरी रोड पर आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां मौजूद अधिवक्ताओं से सीधे संवाद किया। दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय तथा सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलोचन तिवारी ने संयुक्त रूप से न्यायालय परिसर में जर्जर भवनों, अधिवक्ताओं के चैंबरों की खस्ताहाल स्थिति और कचहरी रोड पर बढ़ते अतिक्रमण की समस्या उठायी।
एसडीएम अशोक कुमार ने अधिवक्ताओं की बात ध्यान से सुनकर आश्वासन दिया कि जर्जर भवनों और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा और तहसील व न्यायालय परिसर में बुनियादी सुविधाओं में सुधार प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देने का भरोसा भी दिया।
कचहरी भ्रमण में रामपाल जौहरी, राकेश श्रीवास्तव, जितेंद्र श्रीवास्तव,नंदलाल, अंजनी सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता तथा तहसील‑स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद सुधार के लिए आवश्यक रिपोर्ट तैयार करने और शीघ्र कार्रवाई शुरू करने पर सहमति बनी है।

