सोनभद्र पहुंचे तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, डीएम-एसपी ने किया स्वागत

स्व. जय प्रकाश चतुर्वेदी की श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल, चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि; कैथी मारकण्डेय महादेव मंदिर में किए दर्शन-पूजन

सोनभद्र। तेलंगाना के महामहिम राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला शनिवार को सोनभद्र पहुंचे। जनपद आगमन पर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत महामहिम राज्यपाल सबसे पहले रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट तेन्दू स्थित श्री रमेश मिश्रा के आवास पहुंचे। इसके बाद डाला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट गेस्ट हाउस में अल्प विश्राम किया।
इसके उपरांत राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला ग्राम एवं पोस्ट चाचीकला, कोन स्थित श्री रमेश चन्द्र चतुर्वेदी के आवास पर पहुंचे। यहां पूर्व संगठन मंत्री एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी की श्रद्धांजलि सभा एवं ब्रह्मभोज कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की।
श्रद्धांजलि सभा में राज्यपाल ने स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी के व्यक्तित्व एवं योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा समेत अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद महामहिम राज्यपाल रॉबर्ट्सगंज स्थित कैथी मारकण्डेय महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन-पूजन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के बाद राज्यपाल रॉबर्ट्सगंज सर्किट हाउस पहुंचे, जहां विश्राम के उपरांत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
राज्यपाल के सोनभद्र भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे भ्रमण कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सक्रियता बनी रही।

ये भी पढ़िए