स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर होगी कड़ी कार्रवाई : डीएम

सघन प्रवर्तन अभियान में 56 वाहनों के चालान, 14 वाहन बंद; ओवरलोडिंग और बिना फिटनेस वाहनों पर भी शिकंजा

सोनभद्र। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर परिवहन विभाग ने जिलेभर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर सघन प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 56 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 14 वाहनों को बंद करने की कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन अभियान के दौरान 5 ओवरलोड वाहनों के चालान और 3 ओवरलोड वाहनों को बंद किया गया। वहीं बिना फिटनेस संचालित 9 वाहनों के चालान, परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों के चालान, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 16 चालान तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 6 वाहन चालकों के चालान किए गए।
स्कूली वाहनों पर विशेष नजर
बच्चों की सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देते हुए ऑटो, टोटो, ई-रिक्शा समेत स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की विशेष जांच की जा रही है। निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने, बिना आवश्यक दस्तावेज एवं फिटनेस के वाहन चलाने तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
एआरटीओ प्रवर्तन ने स्कूली वाहन संचालकों और चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन न किया जाए। वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस और अन्य सुरक्षा मानक हर हाल में पूरे होने चाहिए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालक और संचालक दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को स्कूली वाहनों की जांच का अभियान लगातार जारी रखने और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने वाहन चालकों से ओवरलोडिंग से बचने, फिटनेस एवं परमिट के नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को स्कूल भेजने के लिए केवल अधिकृत, फिट और सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों का ही इस्तेमाल करने की अपील की। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए