‘वन्दे मातरम्’ से गूंजा बालिका इंटर कॉलेज, हर घर तिरंगा अभियान में दिखा देशभक्ति का जोश

‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत छात्राओं ने किया सामूहिक राष्ट्रीय गीत का गायन, राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश

सोनभद्र। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत पीएम श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज, सोनभद्र में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन कर पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम के भाव से सराबोर कर दिया। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ‘वन्दे मातरम्’ के तृतीय चरण के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को 09 से 15 अगस्त तक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।


कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक स्वर में ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय गीत के प्रति सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक श्री जयराम सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। उपस्थित लोगों ने अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रीय गीत के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा डिजिटल माध्यमों से अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूती से प्रदर्शित किया।

ये भी पढ़िए