सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी अंतर्गत लोहरा गांव में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में करीब आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसा वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर कमलकुंज ढाबा के समीप हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहरा गांव निवासी संतोष चौहान का करीब आठ वर्षीय पुत्र विक्की सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सुकृत की ओर से मधुपुर की तरफ जा रही एक पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सुकृत पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पुलिस पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास में जुट गई। खबर लिखे जाने तक दुर्घटना करने वाले पिकअप वाहन की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस द्वारा हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही थी, ताकि वाहन का पता लगाया जा सके।
पुलिस द्वारा वाहन की पहचान और घटना से संबंधित अन्य जानकारी उपलब्ध कराए जाने के बाद उसे भी खबर के माध्यम से प्रकाशित किया जाएगा। मामले में पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

