सोनभद्र में थाना समाधान दिवस, 63 शिकायतों में 25 का मौके पर निस्तारण

सोनभद्र। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जिले के समस्त थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग से संबंधित कुल 63 नए प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इनमें पुलिस विभाग के 8 प्रार्थना पत्रों में से 7 तथा राजस्व विभाग के 55 प्रार्थना पत्रों में से 18 का तत्काल समाधान किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को आपसी समन्वय के साथ मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके साथ ही पूर्व से लंबित पुलिस विभाग के 5 और राजस्व विभाग के 83 प्रार्थना पत्रों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मचारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये भी पढ़िए