एएसपी ने जुगैल थाने का किया औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

सोनभद्र। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार ने थाना जुगैल का विधिवत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव से लेकर साफ-सफाई तक का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहने की नसीहत दी।

अभिलेखों और साफ-सफाई का परखा स्तर

निरीक्षण के दौरान एएसपी मुख्यालय ने थाने के अर्दली रूम में कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, मालखाना, हवालात और बैरक का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सीसीटीएनएस (CCTNS) कार्यों की प्रगति जांची और थाना परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

रंगरूटों को सिखाए अनुशासन के पाठ

एएसपी ने थाने में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण रजिस्टरों की भी जांच की। उन्होंने प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, शारीरिक दक्षता और व्यवहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि भविष्य में वे एक कुशल पुलिसकर्मी के रूप में सेवा दे सकें।

गोष्ठी में दिए कड़े निर्देश

निरीक्षण के उपरांत आयोजित गोष्ठी में एएसपी ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लंबित विवेचनाओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। महिला संबंधी अपराधों में पुलिस अत्यंत संवेदनशीलता और तत्परता दिखाए। थाने आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए ताकि पुलिस की छवि बेहतर हो। क्षेत्र में रात्रि गश्त, बैंक और वाहन चेकिंग अभियान में कोई कोताही न बरती जाए। अंत में उन्होंने अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने हेतु कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर थाना प्रभारी समेत समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

ये भी पढ़िए