साइकिल सवार मजदूर को बल्कर ने रौंदा मौत, बेटे की लाश देख फफक- फफक कर रो पड़ा पिता

सोनभद्र : अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज के पास बेकाबू बल्कर ने साइकिल सवार को कुचल दिया। वह तापीय परियोजना में संविदा मजदूर था। दोपहर में घर से ड्यूटी पर जा रहा था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए आवागमन अवरुद्ध हो गया।डिबुलगंज निवासी संजय भारती उम्र 32 वर्ष अनपरा तापीय परियोजना में संविदा पर मजदूरी करता था। शनिवार की दोपहर घर से खाना खाने के बाद सेकंड पाली की ड्यूटी के लिए साइकिल से निकला था। जैसे ही वह धन निरंकार गेट पर पहुंचा तो पीछे से आ रही बल्कर ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद बल्कर चालक तेजी से वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन काशी मोड़ पर जाम के कारण वाहन पकड़ा गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। बेटे के शव को देख मौके पर पहुंचे पिता बेटे के शव को पकड़कर रोने लगे।

हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। थाने पर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को तुरंत खुलवाया। संजय भारती पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो बच्चे हैं।

परिवार के भरण-पोषण के लिए स्थानीय परियोजना में ठेकेदार के अंदर हेल्पर का काम करता था। संजय की मौत से पिता व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस परिजनों से तहरीर लेकर कार्रवाई में जुट गई है।

ये भी पढ़िए