ट्रेलर की चपेट में आया साइकिल सवार मजदूर, मौके पर मौत

अनपरा : रेणुसागर मोड़ पर एक दर्दनाक हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। तेज रफ्तार कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर मजदूर को कुचलते हुए आगे बढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

बभनी थाना क्षेत्र के घघरी गांव निवासी अशोक यादव उम्र 40 वर्ष अनपरा के रेणुसागर में रहकर मजदूरी करता था। शनिवार दोपहर वह अपने अन्य साथियों के साथ साइकिल से औड़ी मोड़ की ओर जा रहा था। जैसे ही वह रेणुसागर मोड़ पर पहुंचा, तभी सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि अशोक यादव ट्रेलर के पहिए के बीच फंस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने जब यह दृश्य देखा तो घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई।

सूचना पाकर अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रेलर के पहिए के नीचे से निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। वहीं, चालक फरार हो गया। पुलिस ने दूसरे चालक को बुलाकर ट्रेलर हटवाया, जिससे सड़क को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया।

ये भी पढ़िए