शक्तिनगर (सोनभद्र)। थाना शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की करीब 40 कुंतल लोहे की सरिया से लदा एक पिकअप वाहन पकड़ा है। बरामद सरिया की कीमत लगभग 2.40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक कबाड़ी की तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में शक्तिनगर थाना पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की सरिया लेकर जा रहे हैं। मुखबिर की सटीक सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पिकअप (संख्या UP 67 T 9712) को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन में भारी मात्रा में लोहे की सरिया लदी हुई मिली। पूछताछ में तस्कर चोरी का कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके।
ये हुए गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिराज उर्फ सिराज और पियूष कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी खड़िया, शक्तिनगर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ मु0अ0सं0 101/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस तथा 207 एमवी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में शामिल एक अन्य कबाड़ी भी शामिल है, जिसकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय, चौकी बीना प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव, कांस्टेबल सत्यम सरोज और कांस्टेबल विजय प्रताप शामिल रहे।