अवरुद्ध पदोन्नति प्रक्रिया प्रारम्भ की जाए- मूल संघ

सोनभद्र : राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश मूल संघ के प्रदेश कार्यकारी महामंत्री डॉ अशोक कुमार अवाक ने शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ महेन्द्र देव से माॅंग की है कि एलटी संवर्ग के 10 विषयों में अब तक रुकी हुई पदोन्नति प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से प्रारम्भ किया जाए। कार्यकारी महामन्त्री का कहना है कि इसी संवर्ग के कई शिक्षकों की पदोन्नति वर्ष 2022 में हो गई किन्तु हिन्दी सहित कुल 10 विषयों में लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आपत्तियाॅं लगाने से इन विषयों के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति प्रवक्ता संवर्ग में अब तक नहीं हो पाई है। इतने वर्ष व्यतीत होने के पश्चात भी विभाग उन आपत्तियों का निराकरण नहीं करा सका , जिसके कारण सम्बन्धित शिक्षक-शिक्षिकाओं में निराशा एवं आक्रोश का भाव व्याप्त है।
डॉ अवाक ने बताया कि प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश शासन एम. देवराज के द्वारा कुछ ही दिनों पूर्व इस सम्बन्ध में आदेश निर्गत हुआ था जिसमें रुकी हुई पदोन्नतियों को 15 सितम्बर, 2025 तक पूरा करने के आदेश हैं। इस मुद्दे को लेकर मूल संघ 11 नवम्बर, 2024 एवं 14 फरवरी, 2025 को दो-दो बार ज्ञापन दे चुका है, किन्तु अभी तक सम्बन्ध में कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हो पाई है। अतः मूल संघ की माॅंग है कि विषय विसंगति के चलते अवरुद्ध पदोन्नति प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से प्रारम्भ किया जाए।

ये भी पढ़िए