भोपाल : पर्यावरण संस्कृति ट्रस्ट अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने बताया कि कॉर्पोरेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, भोपाल की एनएसएस इकाई ने “ भाषाओं का देश – भारत ” विषय पर एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने देश के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए उनकी समृद्ध संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को प्रदर्शित किया तथा देश में भाषा को लेकर होने वाली बहसों और तनाव पर भी प्रकाश डाला। नाटक ने यह सशक्त संदेश दिया कि हमारी असली ताकत विविधता में एकता है।

एक मार्मिक दृश्य में मूक पात्र ने यह दर्शाया कि बिना भाषा जाने भी किसी भी राज्य में घुलमिल कर रहा जा सकता है। नाटक का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि हम सबसे पहले भारतीय हैं, भारत की हर भाषा सम्मान की पात्र है, और भाईचारे के साथ रहना ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। श्री मनोज कुमार अग्निहोत्री, राज्य एनएसएस अधिकारी, मध्यप्रदेश, डॉ. अनंत सक्सेना, कार्यक्रम समन्वयक, एनएसएस, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय और ईटीआई ट्रेनर एवं ओपन यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राहुल सिंह परिहार ने इस प्रस्तुति की सराहना की। कॉर्पोरेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, भोपाल के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अंकुर वर्मा ने सभी स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

