सोनभद्र : जिले के अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान गांव में बुधवार को चचेरे देवर ने महिला की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। उसने खुद को भी घायल करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
कुलडोमरी ग्राम पंचायत के बैरपान टोला निवासी संगीता यादव (30) पत्नी रविशंकर यादव बुधवार को घर में अकेली थी। वह घर का काम कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान अचानक महिला के चचेरे देवर करोड़पति यादव वहां पहुंचा और कुल्हाड़ी से महिला के गले पर वार कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़कर वहां पहुंचे, तब तक महिला ने दम तोड़ दिया था। ग्रामीणों ने करोड़पति को कमरे में बंद कर घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। कमरे में बंद आरोपी करोड़पति को हिरासत में ले लिया।
सीओ पिपरी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि महिला की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या की गई है। आरोपी चचेरे देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि उसने किन कारणों से घटना को अंजाम दिया। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

