(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी सोनभद्र तहसील क्षेत्र के विंढमगंज थाना अन्तर्गत कोन मोड़ के पास रविवार सुबह करीब 9 बजे एक ट्रक और बाइक की टक्कर में 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दुद्धी की ओर से आ रही ट्रक संख्या NL 01 L 0343 अचानक अनियंत्रित हो गई और विंढमगंज बाजार जा रहे बाइक सवार दशरथ पुत्र रामदेव, निवासी सलैयाडीह, थाना विंढमगंज, जनपद सोनभद्र को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक दशरथ गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक सड़क पर छोड़ मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मर्चरी हाउस दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सीज कर लिया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों लव कुश चंद्रवंशी, जितेंद्र कुमार, अजय कुमार, मुकेश कुमार इत्यादि ने बताया कि विंढमगंज सीता मोड़, कोन और दुद्धी मार्ग पर अक्सर एक्सीडेंट होते हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से वहां किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं रखी गई है। एक्सीडेंट की वजह नशे में गाड़ी चलाना और वहां से फरार हो जाना भी होता है। दूसरे तरफ बस स्टैंड मोड़ पर होने की वजह से और पटरी पर बस, टेम्पो खड़े होने की वजह से भी एक्सीडेंट का पूरा-पूरा चांस बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से कोन मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और पुलिस तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

