सोनभद्र, । साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति की पूरी धनराशि वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस थाना ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में टीम ने मामले का सफल निस्तारण किया।
जानकारी के अनुसार रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के अकड़ौर गांव निवासी विजय कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। ठगों ने उनके खाते से ₹24 हजार की धोखाधड़ी कर ली थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित राशि को होल्ड कराया।
इसके बाद पुलिस ने बेनिफिशियरी खाताधारक से समन्वय स्थापित कर पीड़ित की पूरी ₹24 हजार की धनराशि वापस दिला दी। धनराशि वापस मिलने पर विजय कुमार ने सोनभद्र पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए अधिकारियों और साइबर थाना टीम का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, हेड कांस्टेबल संजय वर्मा, कांस्टेबल हृदेश यादव तथा महिला कांस्टेबल शारदा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
सोनभद्र पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल� पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि समय रहते सूचना देने पर ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

