इंग्लैंड की संस्था निफा करेगी रक्तवीर अफसार रजा का सम्मान


28 जून को अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, लखनऊ में मिलेगा ‘नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड’


दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र । संकट की घड़ी में रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचाने वाले दुद्धी के युवा समाजसेवी एवं उम्मीद फाउंडेशन के संस्थापक अफसार रजा को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए इंग्लैंड स्थित संस्था NIFA (Network of Indian Foundation Associations) द्वारा सम्मानित किया जाएगा। संस्था के 25वें रजत जयंती समारोह के अवसर पर 28 जून को अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, लखनऊ में आयोजित “नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड सेरेमनी” में अफसार रजा को “नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नटवर गोयल, राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में डॉ. बबीता सिंह चौहान (अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग), प्रो. राजकुमार मित्तल (कुलपति, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ), पद्मश्री डॉ. आरती सोबती सहित केंद्रीय एवं राज्य सरकार के मंत्री, शिक्षाविद् और अनेक गणमान्य हस्तियां भी शामिल होंगी। अफसार रजा वर्षों से रक्तदान अभियान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में उम्मीद फाउंडेशन ने अनेक लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इस सम्मान से सोनभद्र जनपद, विशेषकर दुद्धी क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है। सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्धजनों ने इसे पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय बताते हुए अफसार रजा को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।

ये भी पढ़िए