सोनभद्र : जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता। टीम द्वारा 33 किलोग्राम गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तस्करी में उपयोग की जा रही दो कार भी बरामद की गई है। चारों तस्कर वाराणसी के रहने वाले हैं। वह उड़ीसा से गांजा लेकर वाराणसी जा रहे थे। उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य साथियों की भी तलाश में जुटी है।
मामले में एएसपी कालू सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगी पुलिस टीम ने शनिवार की रात मुखबिर की सूचना पर लोढ़ी स्थित एक ढाबे के पास घेराबंदी कर दो कार को रोका। तलाशी के दौरान एक अर्टिगा कार की सीट पर छह बंडल में 33 किलो गांजा रखा था।

जबकि दूसरी कार से तस्कर खुद बैठकर जा रहे थे। आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ में बताया कि वह ओडिशा के संभलपुर से गांजा वाराणसी ले जा रहे थे। तस्करों की पहचान वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के तारापुर गांव निवासी शशिकांत सिंह, अमित सिंह, नुआंव गांव निवासी दिव्यांशु सिंह, नुआंव डाफी निवासी अंकित सिंह के रूप में हुई। तस्करी में शामिल उनके एक अन्य साथी की भी तलाश जा रही है। तस्करों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। एएसपी ने बताया कि बरामद गांजा की कीमत करीब साढ़े छह लाख है।

