रेणुकूट में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर, टीम निशा बबलू सिंह ने पहुंचाया अस्पताल


(ऋषभ सिंह)रेणुकूट, सोनभद्र : औद्योगिक नगरी रेणुकूट में रविवार शाम हिंडालको पेट्रोल पंप के समीप कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शाम करीब 4:45 बजे हुई। घायल दोनों युवक स्थानीय नॉशनेस रेस्टोरेंट में कार्यरत बताए जा रहे हैं और ड्यूटी के सिलसिले में जा रहे थे। घायलों में एक की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि दोनों आपस में रिश्तेदार (मौसेरे भाई) हैं।


घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी विजय प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह की ‘टीम निशा बबलू सिंह’ मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने बिना देर किए दोनों घायलों को सुरक्षित उठाकर हिंडालको अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायलों को तत्काल चिकित्सीय सहायता मिल सकी।
टीम के सदस्यों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और घायलों के परिजनों को भी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
घटना के बाद क्षेत्र में टीम निशा बबलू सिंह की त्वरित मानवीय सहायता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों ने घायल दोनों युवकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़िए