हथवानी मोड़ पर ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, सड़क पर फैला डीजल; यातायात घंटों बाधित
(ऋषभ सिंह)सोनभद्र । हाथीनाला थाना क्षेत्र के रेणुकूट-हाथीनाला मुख्य मार्ग स्थित हथवानी मोड़ के पास रविवार को ट्रेलर और टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर में टैंकर चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुई। तेज रफ्तार से चल रहे ट्रेलर और टैंकर के बीच आमने-सामने जैसी स्थिति बनने पर जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया।
हादसे के बाद टैंकर से डीजल सड़क पर फैल गया। डीजल बहता देख मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों में उसे एकत्र करने की होड़ मच गई, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति और अव्यवस्थित हो गई। वहीं आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान टैंकर चालक राजू यादव ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है।
दुर्घटना के चलते रेणुकूट-हाथीनाला मुख्य मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों के खड़े होने और डीजल फैलने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर हाथीनाला पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान वाहन नियंत्रण बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हथवानी मोड़ के पास ट्रेलर और टैंकर में भीषण टक्कर टैंकर चालक राजू यादव की इलाज के दौरान मौत एक अन्य व्यक्ति घायल, अस्पताल में उपचार जारी सड़क पर फैला डीजल, मौके पर मची अफरा-तफरी रेणुकूट-हाथीनाला मार्ग पर घंटों जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा ओवरटेक के दौरान हादसा होने की आशंका, जांच जारी।

