जुगैल थाना क्षेत्र की घटना, तीन बाइक पर सवार करीब नौ हमलावरों पर वारदात का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र में रविवार को मारपीट और कथित लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। बाइक से घर लौट रहे तीन युवकों को अज्ञात हमलावरों ने रास्ते में रोककर जमकर मारपीट की। घटना में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि हमलावर नकदी भी लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घायल युवक घर में होने वाली शादी के लिए रखे गए रुपये लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीन बाइक पर सवार करीब नौ लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उनके पास मौजूद नकदी भी छीन ली। घटना की सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार पीड़ितों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

