वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सोनभद्र। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र के अनुदानित एवं मान्यता प्राप्त मदरसों में देशभक्ति और उल्लास के साथ ध्वजारोहण एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मदरसों में तिरंगा शान से लहराया और छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को और बढ़ाया।
मदरसा रजा मेमोरियल पब्लिक स्कूल, पगिया में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सोनभद्र श्री सुधांशु शेखर शर्मा ने पूर्वाह्न 10 बजे ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पूर्व छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों द्वारा वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण हमें आजादी मिली है। नई पीढ़ी का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाए।
शासन एवं जिला प्रशासन सोनभद्र के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त मदरसों में हर घर तिरंगा अभियान से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। अभियान के तीनों चरणों में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मदरसों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा।

