(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रशासन के समक्ष उठाए गए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने की, जबकि संचालन उपायुक्त उद्योग विनोद चौधरी ने किया।
बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल ने व्यापारियों, उद्यमियों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने प्रत्येक माह व्यापारी कल्याण दिवस आयोजित करने, उत्कृष्ट जीएसटी करदाताओं एवं उद्यमियों को सम्मानित करने, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना की प्रभावी समीक्षा कराने, बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों की निष्पक्ष जांच कराने तथा स्वास्थ्य संस्थानों की पारदर्शी जांच व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
संगठन के प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन ने सभी प्रस्तावों का समर्थन करते हुए कहा कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिले के व्यापारिक और औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक है।
बैठक में रोहित जायसवाल, गोपी सोनकर, रमाशंकर पाण्डेय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने सर्वसम्मति से प्रस्तुत प्रस्तावों का समर्थन करते हुए प्रशासन से इनके शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की।

