सोनभद्र : अनपरा पुलिस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई। यह कार्यक्रम अनपरा थाना परिसर में आयोजित किया गया, जहाँ अनपरा थानाप्रभारी बृजेश सिंह ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को याद किया।
इस अवसर पर थानाप्रभारी ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के बल पर स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया और पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बने।

थानाप्रभारी ने लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया। उन्होंने बताया कि शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया और सादगीपूर्ण जीवन के माध्यम से नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
थानाप्रभारी ने पुलिसकर्मियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों का पालन करने की अपील की। उन्होंने जोर दिया कि ये आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन तथा सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को अपने अंतर्मन और कार्यस्थल पर उतारने को कहा।

