मिशन शक्ति 5.0: सोनभद्र पुलिस ने छेड़ा जन-जागरूकता अभियान, महिलाओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए जनपद में ‘मिशन शक्ति 5.0’ के दूसरे चरण के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस की विभिन्न टीमों ने जिले के हर थाना क्षेत्र में सक्रिय होकर समाज के हर वर्ग को सुरक्षा के प्रति सतर्क किया।
विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर संवाद अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और ग्राम सभाओं में जाकर महिलाओं एवं किशोरियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान टीम ने लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह की कुरीति, महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा और उनके स्वास्थ्य व शिक्षा जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के अंतर को समझने और संकट के समय आत्मरक्षा के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

साइबर अपराधों के प्रति किया सतर्क डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए पुलिस ने आमजन को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के उपाय भी बताए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग विवरण, ओटीपी (OTP) साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचने के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई। जरूरत पड़ने पर तुरंत डायल करें ये नंबर पुलिस ने अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि वे किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर निसंकोच संपर्क कर सकती हैं। 112: आपातकालीन सेवा, 1090/1091: महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181: महिला हेल्पलाइन, 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस का यह प्रयास महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने और समाज को अधिक जागरूक बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए