मिशन शक्ति: परिवार परामर्श केंद्र ने बिखेरी खुशियां, आपसी सहमति से सुलझाए 5 पारिवारिक विवाद

सोनभद्र : मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाना रॉबर्ट्सगंज में संचालित परिवार परामर्श केंद्र ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। केंद्र में आए पारिवारिक कलह के मामलों को सुलझाकर न केवल परिवारों को टूटने से बचाया गया, बल्कि आपसी सौहार्द भी बहाल किया गया।

7 में से 5 मामलों में बनी सहमति

महिला थाना प्रभारी रॉबर्ट्सगंज की अध्यक्षता में रविवार (31 मई 2026) को परिवार परामर्श केंद्र में सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पारिवारिक विवादों से संबंधित कुल 07 प्रकरण सुनवाई के लिए आए। परामर्शदाताओं ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं और काउंसलिंग की प्रक्रिया अपनाई। इस सार्थक प्रयास का सकारात्मक परिणाम निकला और 05 मामलों में दोनों पक्ष आपसी सहमति से सुलह के लिए तैयार हो गए।

सौहार्दपूर्ण वातावरण की बहाली

सुलह के बाद परिवारों में फिर से खुशहाली लौट आई है। वहीं, शेष 02 मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें अगली तारीख दी गई है ताकि विस्तृत विचार-विमर्श के बाद उनका भी समाधान निकाला जा सके।

महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता

महिला थाना रॉबर्ट्सगंज द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र का मुख्य उद्देश्य विवादों को कानूनी लड़ाई के बजाय आपसी समझबूझ और संवाद से हल करना है, ताकि समाज और परिवार की मजबूती बनी रहे।

ये भी पढ़िए