हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक कर सकेंगे पंजीकरण

सोनभद्र। हज-2027 की पवित्र यात्रा पर जाने के इच्छुक भारतीय नागरिकों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय एवं हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा पात्र एवं इच्छुक आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जो 20 जुलाई 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक चलेगी। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट तथा ‘हज सुविधा’ मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। निर्धारित समय-सीमा में किसी प्रकार की छूट अथवा विस्तार नहीं दिया जाएगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पूर्व जारी दिशा-निर्देशों, घोषणा पत्रों एवं प्रतिज्ञापत्रों का भली-भांति अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। आवेदन के साथ मशीन-पठनीय भारतीय पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक तथा पते के प्रमाण की स्कैन प्रतियां निर्धारित प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया है कि हज सीट का निरस्तीकरण हतोत्साहित किया जाता है, क्योंकि इससे व्यवस्थागत एवं परिचालन संबंधी कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं। इसलिए आवेदकों को पूरी तैयारी और यात्रा के प्रति प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करने की सलाह दी गई है। सीट निरस्त करने की स्थिति में हज-2027 के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित दंडात्मक प्रावधान लागू होंगे।
जिला प्रशासन ने जनपद के इच्छुक नागरिकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार रखने की अपील की है।

ये भी पढ़िए