पीएम मोदी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, चंदौली के 2.03 लाख से अधिक किसानों को मिली सौगात


रिपोर्ट: मदन मोहन चंदौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत जनपद चंदौली के 2,03,650 पात्र किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। योजना की किस्त मिलने से किसानों को आर्थिक राहत मिली है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सुबह 10:30 बजे से जनपद स्तर पर सजीव प्रसारण किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सभी विकास खंडों तथा ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसानों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुआ मुख्य कार्यक्रम
कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक के प्रतिनिधि श्री सुशील सिंह एवं श्री मनोज कुमार उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि श्री सुशील सिंह ने योजना का लाभ प्राप्त करने वाले किसानों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से पात्र किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों ने दी जानकारी
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला उपायुक्त (मनरेगा), उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी तथा कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा वृक्षबंधु डॉ. परशुराम सिंह, डॉ. जयप्रकाश, केवीके वैज्ञानिक डॉ. रितेश गंगवार, श्री हिमांशु शेखर राय (वरिष्ठ प्राविधिक सहायक, ग्रुप-ए), श्री मानसिंह (अवर अभियंता), कृषि विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री अरुण कुमार यादव, समाजसेवी श्री रिपुसुदन पांडेय, श्री सुनील मौर्या, श्री पत्तन मौर्या, श्री ओमप्रकाश सिंह, श्री अशोक सिंह तथा जनपद के अनेक प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त जारी होने की जानकारी दी गई। चंदौली के 2,03,650 पात्र किसानों के खातों में धनराशि का सीधे हस्तांतरण योजना के प्रति किसानों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।

ये भी पढ़िए