विश्व पर्यावरण दिवस पर ओबरा तापीय परियोजना में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
(रँगेश सिंह)ओबरा सोनभद्र। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 05 जून 2025 को ओबरा तापीय परियोजना परिसर में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख इं0 आर0के0 अग्रवाल, ने स्वयं वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। परियोजना प्रमुख इं0 अग्रवाल, ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया है। हमें आज की आवश्यकता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए वृक्षारोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। हर पौधा हमारे पर्यावरण की रक्षा में एक मजबूत कदम है।’’ कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के फलदार, छायादार और औषधीय पौधों को विशेष रूप से शामिल किया गया। परियोजना के सभी विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भविष्य में भी नियमित रूप से इस प्रकार के आयोजनों को करने का संकल्प लिया।
पर्यावरण दिवस की इस वर्ष की थीम “Land Restoration, Desertification and Drought Resilience” पर चर्चा कर उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया कि कैसे हम छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव ला सकते हैं। यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था, बल्कि इससे कर्मचारियों में पर्यावरणीय चेतना भी विकसित हुई। कार्यक्रम में इं0 एस0के0 सिंघल, महाप्रबन्धक, इं0 दिवाकर स्वरूप, महाप्रबन्धक, इं0 सुनील कुमार, अधीक्षण अभियन्ता, इं0 अजय कुमार शर्मा, अधीक्षण अभियन्ता, इं0 अनिल कुमार पाण्डेय, अधीक्षण अभियन्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

