सोनभद्र : में एक पिता की डांट से नाराज होकर घर से भागे तीन मासूम बच्चों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बहुआरा टोला भैरवा गाँव के निवासी प्रेम कुमार ने 3 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनके तीनों बच्चे घर से लापता हैं।
प्रेम कुमार ने बताया कि 2 फरवरी को उन्होंने बच्चों को डांटा था, जिसके बाद 13 वर्षीय प्रतीप कुमार, 9 वर्षीय प्रतीप कुमारी और 6 वर्षीय प्रतीक कुमार घर से कहीं चले गए। सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज थाना और हिन्दुआरी चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
चौकी प्रभारी आशुतोष राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तलाश अभियान चलाया और तीनों बच्चों को औरहवा के जंगल से होते हुए सिधी चुर्क के पास से बरामद किया। बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों की सकुशल वापसी पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की। बरामदगी में हेड कांस्टेबल संदीप यादव और कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार की भी अहम भूमिका रही।

