(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। विण्ढमगंज थाना पुलिस ने सदोष मानव वध की एक घटना का महज 8 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम पकरी निवासी श्रीनाथ (52) और उनके पुत्र सोनू (25) के बीच 21 जून की रात घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर सोनू ने अपने पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्रीनाथ को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर विण्ढमगंज थाने में मुकदमा संख्या 87/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने तत्काल जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी सोनू को 22 जून की शाम उसके पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर आने पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि घरेलू विवाद के दौरान उसने गुस्से में आकर अपने पिता पर डंडे से हमला किया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, कांस्टेबल तरुण वर्मा, आलोक कुमार तथा फिरोज अहमद शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।

