सोनभद्र: चोपन पुलिस ने दिखाई तत्परता, गुम हुई 4 नाबालिग लड़कियों को सकुशल ढूँढ निकाला

सोनभद्र: चोपन थाना पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुमशुदा हुई चार नाबालिग लड़कियों को चंद घंटों में ही सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र से चार नाबालिग लड़कियों के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में स्थानीय पुलिस ने तत्काल प्रभाव से सक्रियता दिखाई।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल की मदद ली और मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए लड़कियों की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने चारों लड़कियों को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के छपका इलाके से सकुशल बरामद कर लिया।
थाना परिसर में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लड़कियों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया। अपनी बच्चियों को सकुशल पाकर परिजनों ने चोपन पुलिस की कार्यक्षमता की सराहना की और आभार व्यक्त किया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल अभियान में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, उ0नि0 रामज्ञान सिंह यादव, हे0का0 वीरेन्द्र सरोज, का0 मंटू सिंह तथा महिला आरक्षी अमृता प्रजापति और प्रीती सरोज शामिल रहे।

ये भी पढ़िए