शक्तिनगर सोनभद्र : सोनभद्र के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ शराब के नशे में धुत एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पति को घटना में प्रयुक्त सामान (लेगी) के साथ गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मृतका आशा देवी (45) अपने पति महेंद्र गुप्ता के साथ शक्तिनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। मूल रूप से ओबरा के भलुआ टोला निवासी महेंद्र के खिलाफ उसकी सास फुलमती देवी ने तहरीर दी है। आरोप है कि 27 मई की रात को महेंद्र शराब के नशे में घर पहुँचा और पत्नी के साथ उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत महेंद्र ने कपड़े से गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में शक्तिनगर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना शक्तिनगर पुलिस ने मामले में धारा 105 बीएनएस (गैर इरादतन हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बोदरा बाबा रेलवे पुल अंडरपास के पास से आरोपी महेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (लेगी) को भी बरामद कर लिया है।
न्यायालय के सुपुर्द आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे विधिक कार्यवाही पूरी कर न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस त्वरित कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव, कांस्टेबल उमेश कुमार गौतम और कांस्टेबल प्रशान्त श्रीवास की मुख्य भूमिका रही।
इस घटना ने एक बार फिर नशे की लत से परिवार में होने वाले कलह और उसके भयावह अंजाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

