एसपी सोनभद्र ने ओबरा थाने का किया औचक निरीक्षण; महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

ओबरा (सोनभद्र) पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, श्री अभिषेक वर्मा ने शनिवार को ओबरा थाने का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रशासनिक कामकाज का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और पारदर्शी पुलिसिंग के कड़े निर्देश दिए।

थाना परिसर और अभिलेखों का गहन निरीक्षण

एसपी ने निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय के अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, बैरक और भोजनालय का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव लाते हुए अनुशासन और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

मिशन शक्ति और साइबर डेस्क पर जोर

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मिशन शक्ति केंद्र की समीक्षा करते हुए महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिला हेल्प डेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि पीड़ितों को सम्मानजनक सहायता मिल सके। साथ ही, साइबर हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अपराधों पर तत्काल संज्ञान लेने व जन जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

रिक्रूट आरक्षियों को दिया कर्तव्यनिष्ठा का पाठ

एसपी ने थाने में तैनात नए रिक्रूट आरक्षियों के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने जवानों को ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताते हुए पूरी निष्ठा, सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में संवेदनशील व्यवहार और पारदर्शी कार्यप्रणाली ही प्राथमिकता होनी चाहिए।

ये भी पढ़िए