युवती ने ही प्रेमी के साथ मिलकर रची थी अपने अपहरण की साज़िश,पुलिस ने किया मामले का खुलासा

अजीत कुमार

म्योरपुर-सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के अपहरण के मामले का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अपहृत युवती को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने बताया कि प्रेमी को दस लाख रुपए दिलवाने के लिए युवती ने ही प्रेमी के साथ मिलकर अपने अपहरण की खौफनाक साजिश रची थी।बीते 22 नवंबर को थाना क्षेत्र म्योरपुर के एक गांव निवासी महिला ने म्योरपुर थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसकी 19 वर्षीय बेटी म्योरपुर स्थित एक स्कूल में दसवीं कक्षा में अध्ययनरत हैं।गत दिन अपने सहेली के यहां बर्थ-डे पार्टी में गई थी अगले दिन 19 नवंबर को वहां से वह वापस आ गई लेकिन शाम को भाई को चोट लगने की बात कहकर बिना बताए कहीं चली गई।महिला ने महुली निवासी युवक पर अपनी बेटी को भगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

परिजनों के तहरीर के आधार पर म्योरपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।सोनभद्र एसपी अशोक कुमार मीणा ने अपहरण कर्ताओं की गिरफ्तारी और युवती के सकुशल बरामद करने के लिए एसओजी,सर्विलांस और म्योरपुर पुलिस टीम का गठन किया था। पुलिस ने जांच शुरू किया तो मामला कुछ और ही निकला। सर्विलांस की मदद से कथित वीडियो की जांच शुरू हुई तो लोकेशन के आधार पर लड़की को दूसरे गांव से सकुशल बरामद कर लिया गया।पुलिस ने जब लड़की को बरामद किया और पूछताछ की तो पता चला कि उसने उसके मोहल्ले में ही रहने वाले पंकज को 10 लाख रुपए दिलवाने के लिए खुद ही अपहरण का नाटक रचा और वीडियो बनाकर परिवार को भेजा। सोनभद्र एसपी अशोक कुमार मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 25 नवंबर 2024 को युवती के भाई के मोबाइल पर एक वीडियो आया था जिसमें 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग करते हुए ना देने पर लड़की को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। मामले में जांच टीम की मदद से युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया है लड़की द्वारा अपने ही खुद के अपहरण की साजिश रची गई थी। मामले में उसका प्रेमी पंकज भी शामिल था। आरोपी पंकज अभी भी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।आगे पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। वहीं मंगलवार शाम को पुलिस ने आरोपी पंकज रोशन पुत्र अवधेश चौधरी निवासी वार्ड नं० 04 मजोहरा,मोतीहारी,पूर्वी चम्पारण बिहार गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़िए