कुएं में पानी भरने गई युवती ने संदिग्ध परिस्थिति में शव उतराया देखा

(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र , सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के असनहर गाँव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहाँ एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र बासदेव विश्कर्मा निवासी कारीडाड़ चक चपकी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रमोद रात में बचरा बाजार से लौटने के बाद लगभग नौ बजे खाना खाकर दूसरे घर में सोने के लिए निकला था।

सुबह असनहर गांव में हृदय नारायण गोड़ के घर के पास एक कुएं में पानी भरने गई लड़की ने शव को उतराया हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल ग्राम प्रधान असनहर को दी गई, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक बासदेव के दो बेटों में से बड़ा लड़का था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़िए