(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। थाना शक्तिनगर पुलिस ने एनसीएल खड़िया खदान की ओबी पार्किंग में खड़े वाटर टैंकर से चोरी हुई दो बैटरियों के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई दोनों बैटरियां बरामद कर ली हैं।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय और क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में थाना शक्तिनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार एनसीएल खड़िया खदान की ओबी पार्किंग में खड़े वाटर टैंकर से अज्ञात चोरों द्वारा दो बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। इस संबंध में 18 मार्च 2026 को थाना शक्तिनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम वांछित अभियुक्त की तलाश में जुटी थी।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मां ज्वालामुखी रोड से हेलीपैड जाने वाले मार्ग पर कोटा बस्ती रोड स्थित मोबाइल टावर के पास झाड़ियों के निकट घेराबंदी कर आकाश कुमार बियार (23) निवासी तारापुर, खड़िया, थाना शक्तिनगर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ही वाटर टैंकर से बैटरियां चोरी की थीं और उन्हें बेचने की फिराक में था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में आबकारी अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

