सवारियों से भरी बस में ट्रक ने मारी टक्कर, 12 लोग घायल, दो की हालत गंभीर; मची चीख-पुकार

सोनभद्र : वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पिपरी थाना क्षेत्र के वन देवी मंदिर के पास गुरुवार को निजी बस और एक ट्रक में टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक सहित 12 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दो घायलों को वाराणसी रेफर कर दिया।

शक्तिनगर से सवारी लेकर प्राइवेट बस रेणुकूट की तरफ आ रही थी। वन देवी मंदिर के पास विपरीत दिशा से जा रहे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस चालक पंकज कुमार सिंह (29), बेलवादह निवासी यात्री सरजू यादव (60), सुनीता (40), संगती (35), पिंकी (17), मकरा निवासी मुस्कान (14), रीना (15), लल्लू (42), सीता (36), पाटी निवासी राम अधीन (35), किरवानी निवासी राम अधार (55), बरगवा निवासी रामायण तिवारी घायल हो गए।

सभी घायलों को हिंडाल्को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चालक पंकज कुमार सिंह व सरजू यादव को वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में सीओ पिपरी अमित कुमार ने बताया कि पिपरी और अनपरा थाने की पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। मौके पर शांति और कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

ये भी पढ़िए