अनपरा : अनपरा थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर सड़क हादसा हुआ। बैरपान के सिदहवा मोर्चानाला स्थित पेट्रोल पंप के पास हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो रिश्तेदारों की मौत हो गई।
मृतकों में मकरा ग्राम पंचायत निवासी अंजनी भारती का 14 वर्षीय पुत्र अंशू और मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के शिवपहरी निवासी 18 वर्षीय नीरज शामिल हैं। सोमवार को दोनों बाइक से अनपरा की ओर जा रहे थे। पेट्रोल पंप से तेल भरकर निकल रहे हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, अंशु की मौसी की शादी अगले महीने होनी थी। इसी की तैयारियां चल रही थीं। नीरज भी अपने जीजा के यहां शादी में शामिल होने आया था। इस हादसे से दोनों परिवारों में मातम छा गया है।

