सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए सोनभद्र पुलिस द्वारा ‘मिशन शक्ति 5.0’ के दूसरे चरण के तहत जनपद में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज के सभी वर्गों को जागरूक किया गया।
सामाजिक मुद्दों पर संवाद और सुरक्षा के गुर
मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जाकर महिलाओं और किशोरियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान टीम द्वारा लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम, लैंगिक शोषण और महिलाओं व बच्चों के प्रति हिंसा जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’ की जानकारी देने के साथ ही आत्मरक्षा के उपाय भी सिखाए गए। साथ ही, उन्हें कानूनी अधिकारों और पुलिस द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सुरक्षा सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। अभियान के दौरान ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। नागरिकों को विशेष रूप से सचेत किया गया कि वे कभी भी अपना ओटीपी (OTP) या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें
सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं और नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके:
112: आपातकालीन सेवा
*1090 / 1091: महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
181: महिला हेल्पलाइन
1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा या संकट होने पर तत्काल इन नंबरों पर संपर्क करें और पुलिस की मदद लें।

