उत्तरप्रदेश विधानसभा उपचुनाव: दो सीटों में भाजपा और दो में सपा रही विजयी, लखनऊ पूर्वी भाजपा की झोली में

सोनभद्र : यूपी में विधानसभा उपचुनाव में दुद्धी (सोनभद्र) सीट सपा ने भाजपा से छीन ली। वहीं, शाहजहांपुर की ददरौल और लखनऊ पूर्वी पर भाजपा और बलरामपुर की गैंसड़ी सीट पर सपा का कब्जा बरकरार रहा। लखनऊ पूर्वी सीट भाजपा विधायक आशुतोष टंडन के निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव में भाजपा ने यहां ओपी श्रीवास्तव पर दांव लगाया। इंडिया गठबंधन की ओर से यहां से कांग्रेस के मुकेश चौहान मैदान में थे। इस सीट पर वर्ष 2017 और 2022 में भाजपा से आशुतोष टंडन ही जीते थे। इस बार जनता ने पुनः ओपी श्रीवास्तव को जिताकर यह संदेश दे दिया कि भाजपा की इस परंपरागत सीट पर उसका जादू कम नहीं हुआ है।

ददरौल सीट भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव में भाजपा ने यहां से मानवेंद्र सिंह के पुत्र अरविंद सिंह को मैदान में उतारा। (सपा) इंडिया गठबंधन ने उनके सामने बसपा सरकार में राज्यमंत्री रहे अवधेश वर्मा पर दांव लगाया। यहां अरविंद को योगी सरकार के कामकाज के साथ सहानुभूति वोट का भी फायदा मिला।

दुद्धी (सुरक्षित) के भाजपा विधायक रामदुलार गोंड को दुष्कर्म मामले में सजा होने के बाद अदालत से अयोग्य ठहराने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हुआ। भाजपा ने संघ से जुड़े श्रवण गोंड पर तो सपा ने सात बार विधायक रहे विजय सिंह गोंड पर दांव लगाया। परिणाम 3208 वोटों के मामूली अंतर से सपा के पक्ष में रहा। सपा विधायक डॉ. शिव प्रताप यादव के निधन से खाली हुई बलरामपुर की गैंसड़ी विधानसभा सीट पर समाजवादी पुनः जीत गए हैं। यहां सपा ने डॉ. शिव प्रताप यादव के बेटे राकेश कुमार यादव को उतारा था, जबकि भाजपा ने पूर्व विधायक शैलेंश सिंह शैलू पर दांव लगाया। यहां राकेश यादव सहानुभूति वोट के सहारे अपनी सीट बचाने में सफल रहे।

उपचुनाव के नतीजे

ददरौल -अरविंद कुमार सिंह (भाजपा)-105972, अवधेश कुमार वर्मा(सपा)-89177
लखनऊ पूर्वी- ओपी श्रीवास्तव(भाजपा)-142948, मुकेश सिंह चौहान(कांग्रेस)-89061
गैंसड़ी-राकेश कुमार यादव (सपा), 87120 शैलेश सिंह शैलू (भाजपा)-77683            
दुद्धी- विजय सिंह (सपा)-82787 , श्रवण कुमार (भाजपा)-79579

ये भी पढ़िए