साइबर ठगी का शिकार हुए व्यक्ति को मिली खुशी, विंढमगंज पुलिस ने 24 घंटे में कराए 25 हजार रुपए वापस

सोनभद्र : विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरनाकछार गांव में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक के बैंक खाते से बिना ओटीपी के 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की सजगता और समय पर की गई शिकायत के चलते पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए न सिर्फ मामले की जांच की, बल्कि पीड़ित की रकम भी वापस करा दी।

जानकारी के अनुसार,राजन कुमार यादव पुत्र स्व.अशर्फी यादव निवासी ग्राम हरनाकछार थाना विंढमगंज के खाते से किसी अज्ञात साइबर ठग ने तकनीकी हथकंडों के माध्यम से 25 हजार की धनराशि निकाल ली। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित को इस लेन-देन के लिए कोई ओटीपी तक नहीं आया।

SP ने जांच का आदेश दिया

पीड़ित ने इस संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जांच का आदेश दिया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी व क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के दिशा-निर्देशन में विंढमगंज थाना प्रभारी शेषनाथ पाल और साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी जगतजीत पाल की टीम ने कार्रवाई शुरू की।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए साइबर पोर्टल का सहारा लिया और संबंधित बैंक से पत्राचार कर पूरा विवरण निकाला। तत्पश्चात ठगी की गई रकम को सफल प्रयास के बाद पीड़ित के बैंक खाते में वापस करवा दिया गया। यह जिले में साइबर क्राइम से निपटने की एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

पुलिस की आमजन से अपील

विंढमगंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो वे बिलंब न करते हुए तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, या फिर नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके अलावा वे cybercrime.gov.in वेबसाइट पर भी अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। समय पर दी गई सूचना से न केवल अपराधी पकड़े जा सकते हैं बल्कि ठगी गई रकम की वसूली भी संभव होती है।

ये भी पढ़िए