‘जिंदगी फिल्म नहीं, रीटेक नहीं मिलेगा’, सेल्फी स्टेशन से पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

सोनभद्र। जनपद में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सोनभद्र पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के चुर्क मोड़ (सपा तिराहा) पर एक विशेष ‘यातायात जागरूकता सेल्फी स्टेशन’ स्थापित किया गया।

अनोखे स्लोगन से किया जागरूक

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बनाए गए इस सेल्फी पॉइंट पर लिखे संदेश राहगीरों के लिए आकर्षण और सीख का केंद्र रहे। सेल्फी बूथ पर “गलत साइड = हादसे की फास्ट ट्रैक टिकट”*, भइया, सड़क शॉर्टकट नहीं होती”और *”जिंदगी फिल्म नहीं है, रीटेक नहीं मिलेगा” जैसे प्रभावशाली स्लोगन लिखे गए थे। इन संदेशों के जरिए पुलिस ने वाहन चालकों को यह समझाने की कोशिश की कि थोड़ी सी जल्दबाजी किसी के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।

नियम पालन करने वालों का किया सम्मान

अभियान के दौरान पुलिस ने न केवल यातायात नियमों के उल्लंघन पर टोक-टाक की, बल्कि नियमों का पालन करने वाले अनुशासित वाहन चालकों को फूल देकर और पानी पिलाकर सम्मानित भी किया। यातायात पुलिसकर्मियों ने लोगों को रॉंग साइड ड्राइविंग न करने, अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और यातायात के संकेतों का पालन करने की शपथ दिलाई।

एसपी ने खुद संभाली कमान

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्वयं उपस्थित होकर राहगीरों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि “सड़क पर शॉर्टकट अपनाने से बचना चाहिए। आपकी एक गलती न केवल आपकी, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।”
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (यातायात) डॉ. चारू द्विवेदी, यातायात निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता अभियान जारी रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

ये भी पढ़िए